बसना(जीतयादव)।संकुल स्तरीय शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संकुल केन्द्र बसना में TLM (Teaching Learning Material) मेले का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में नवाचारपूर्ण शिक्षण सामग्री को प्रोत्साहित करना, शिक्षण विधियों का आदान-प्रदान करना तथा विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना रहा। कार्यक्रम में संकुल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रधान पाठक एवं शिक्षक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
शिक्षकों ने नवाचारपूर्ण TLM से प्रस्तुत किए प्रभावी शिक्षण मॉडल।
कार्यक्रम का अवलोकन अनिल सिंह साव (बीआरसीसी समन्वयक) एवं त्रिकांत बाग द्वारा किया गया। दोनों अधिकारियों ने शिक्षकों द्वारा तैयार की गई विविध शिक्षण सामग्री, मॉडल, चार्ट, गतिविधि आधारित सामग्री एवं नवाचारों का निरीक्षण किया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों को नए विचार प्रदान करते हैं और विद्यार्थियों की समझ तथा सीखने की क्षमता में सकारात्मक सुधार लाते हैं।

TLM मेले में सरविन्द सिदार, भुनेश्वर पटेल, ऋषिकेश साहू, विलासिनी पोर्ते, देवकी साहु तथा उषा ठाकुर सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधान पाठक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ शिक्षक डमरू धर बंछोर एवं सहायक शिक्षक लोकेश भोई सहित अन्य शिक्षकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

शिक्षकों ने गणित, भाषा, पर्यावरण अध्ययन सहित अन्य विषयों से संबंधित आकर्षक एवं उपयोगी TLM प्रस्तुत किए। कई शिक्षण सामग्री स्थानीय संसाधनों से तैयार की गई थीं, जिससे कम लागत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की संभावनाएं उजागर हुईं।
![]()
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने पर बल दिया। यह TLM मेला शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ तथा भविष्य में भी नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्य जारी रखने का संकल्प लिया गया।




