रायपुर(जीतयादव)।राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा में हाईटेक नकल कराने की साजिश का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना डीडी नगर और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिला रहे थे।
GATE परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस से बाहर बैठे साथी भेज रहे थे उत्तर, रायपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा रैकेट उजागर।
पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग GATE परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से उत्तर भेज रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम श्री संदीप पटेल और डीसीपी क्राइम श्री स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने आयन डिजिटल जोन, सरोना परीक्षा केंद्र के पास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान कुछ युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़े गए। पूछताछ में सामने आया कि बाहर बैठा सहयोगी मोबाइल से प्रश्न गूगल पर सर्च कर उत्तर तैयार करता था और ब्लूटूथ के जरिए परीक्षा हॉल में बैठे अभ्यर्थी तक पहुंचाता था। इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती थी।
पुलिस ने GATE परीक्षा केंद्र में बैठे तीन परीक्षार्थियों की तलाशी ली, जिनके पास सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस पाए गए।
बरामद सामग्री
03 ब्लूटूथ ईयर डिवाइस
04 अन्य ब्लूटूथ डिवाइस
08 मोबाइल फोन
03 सिम कार्ड
अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व नकल से जुड़ी सामग्री
गिरफ्तार आरोपी
दर्शन सहवाग (26 वर्ष), झज्जर, हरियाणा
सुमित सहवाग (30 वर्ष), झज्जर, हरियाणा
लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की (36 वर्ष), फतेहाबाद, हरियाणा
अमर (32 वर्ष), फतेहाबाद, हरियाणा
नरेंद्र कुमार (29 वर्ष), हिसार, हरियाणा
बंटी कुमार (38 वर्ष), फतेहाबाद, हरियाणा
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 318(2), 61(2) BNS, 66 IT Act, तथा लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।






