रायपुर(जीतयादव)।छत्तीसगढ़ शासन की कन्या विवाह योजना के अंतर्गत राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के साथ सहभागिता करते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। इस भव्य आयोजन में प्रदेशभर से आए कुल 1316 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
साइंस कॉलेज मैदान रायपुर में ऐतिहासिक सामूहिक विवाह समारोह सम्पन्न।
समारोह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानपूर्वक सम्पन्न कराना तथा सामाजिक दायित्वों में सरकार की सक्रिय भूमिका को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुए, जहां वर-वधुओं के चेहरे पर खुशी और आत्मसम्मान स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि “कन्या विवाह योजना जैसे कार्यक्रम समाज में समानता, सहयोग और संवेदनशीलता का प्रतीक हैं। इससे न केवल गरीब परिवारों को राहत मिलती है, बल्कि बेटियों के विवाह में होने वाले आर्थिक बोझ से भी मुक्ति मिलती है।” उन्होंने सभी नवदम्पत्तियों को सुखमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में माननीय केबिनेट मंत्री श्री खुशवंत साहेब, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, विधायकगण, सांसद, निगम-मंडल के अध्यक्ष, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देकर सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया।

समारोह में शासन द्वारा प्रत्येक जोड़े को आवश्यक घरेलू सामग्री एवं आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई, जिससे उनके नए जीवन की शुरुआत सुदृढ़ आधार पर हो सके। पूरे कार्यक्रम में सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं, सुरक्षा, भोजन एवं सांस्कृतिक वातावरण ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम न केवल एक सामाजिक पहल रहा, बल्कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच और गरीब वर्ग के प्रति संवेदनशीलता का सशक्त उदाहरण भी बना।




