बसना(जीतयादव)। श्री गुरु अलेख महिमा आश्रम, बसना में विश्व कल्याण की भावना को केंद्र में रखते हुए दो दिवसीय महिमा धर्मानुसार ब्रह्म यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) एवं 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस पावन आयोजन में दूर-दराज से सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों एवं साधु-संतों की सहभागिता रही।

द्वितीय दिवस शनिवार को प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में महाभोग एवं पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके पश्चात साधु-संतों की धर्मसभा आयोजित की गई, जिसमें गुरु गद्दी ढेंकानाल (उड़ीसा) से पधारे महिमा संन्यासी बाबा धनेश्वर दास, बसना आश्रम प्रभारी बाबा उसत दास, बाबा प्रफुल्ल दास, बाबा रामेश्वर दास एवं बाबा बलराम दास ने महिमा धर्म के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्र कल्याण एवं जगत कल्याण का संदेश दिया।

आश्रम से जुड़े श्रद्धालु भक्तों द्वारा साधु-संतों को अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में उड़ीसा, मध्यप्रदेश सहित छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों से साधु-संत एवं सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में बसना नगर के श्रद्धालु भक्तों एवं आश्रम के सेवादारों का विशेष योगदान रहा।




