रायपुर। श्री बालाजी मेडिकल फाउंडेशन एवं कहार भोई समाज रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को रायपुरा स्थित निषाद समाज भवन परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क दंत रोग जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में संगठन के सदस्यों सहित आम नागरिकों ने भाग लिया।

शिविर का उद्देश्य लोगों को दांतों से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक करना और समय पर उचित उपचार के लिए प्रेरित करना था। शिविर में उपस्थित विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। कई लोगों को दांत दर्द, मसूड़ों की सूजन, दांतों की सफाई और अन्य मौखिक समस्याओं से संबंधित सलाह प्रदान की गई। मुफ्त जांच की सुविधा मिलने से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
श्री बालाजी मेडिकल फाउंडेशन और कहार भोई समाज की पहल, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी मुफ्त जांच व सलाह।
कार्यक्रम में रायपुरा वार्ड के पार्षद महेंद्र औसर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने श्री बालाजी हॉस्पिटल एवं पूरी मेडिकल टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।



