बसना(जीतयादव)। भूकेल मंडल में 04 जनवरी को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन भव्य एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना का विस्तार, वैचारिक जागरूकता तथा संगठनात्मक एकता को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्री विवेक दीक्षित, जिला बौद्धिक शिक्षण प्रमुख, ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि हिंदू समाज की एकता, संस्कार और संगठन ही राष्ट्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने सामाजिक समरसता, संस्कृति संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

विराट हिंदू सम्मेलन के आयोजन में विवेक दीक्षित और क्षीरसागर पटेल ने किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री क्षीरसागर पटेल, विभाग बौद्धिक शिक्षण प्रमुख, ने कहा कि वर्तमान समय में वैचारिक स्पष्टता और संगठित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि सभी लोग अपनी सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाएं।

विशिष्ट अतिथि श्रीमती ममता शीतल मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज की शक्ति उसकी परंपराओं, संस्कारों और एकजुटता में निहित है, साथ ही महिला सहभागिता को समाज के सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम का संयोजन श्री सागर पटेल द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम प्रभारी श्री छंदाचरण बारीक ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराया और अतिथियों का स्वागत किया।

विराट हिंदू सम्मेलन में सरपंच संघ बसना के अध्यक्ष श्री लखन लाल पटेल एवं श्री पंचराम गाहिर की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।सम्मेलन के दौरान समाजहित, संस्कृति संरक्षण और संगठनात्मक मजबूती को लेकर विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह में सामाजिक चेतना और वैचारिक ऊर्जा का संचार किया।



