बसना(जीतयादव)।जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार अब लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरगुजा एवं जशपुर जिले में जनता के मुद्दों को उठाने वाली एक यूट्यूबर बहन आकांक्षा टोप्पो को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया, जो बेहद निंदनीय और लोकतंत्र के खिलाफ है।

भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बिना किसी निष्पक्ष जांच के मंत्री एवं विधायक द्वारा कानून का दुरुपयोग करते हुए सत्ता के बल पर दबाव बनाया गया। यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि भाजपा सरकार आलोचना से डरती है और जो लोग सच बोलते हैं, उन्हें डराने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी वीडियो या आरोप की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक होती है, न कि पहले ही सजा देने की मानसिकता।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दे जनता को परेशान कर रहे हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय डर और दमन की राजनीति में लगी हुई है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और सभी जनप्रतिनिधि लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि डराने-धमकाने से सच की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता।


