बसना(जीतयादव)। मंगल भवन, बसना में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचार आज भी देश को दे रहे हैं दिशा
इस अवसर पर वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी ने सुशासन, विकास और राष्ट्रीय आत्मगौरव को नई दिशा दी। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना और ग्राम सड़क योजना जैसे ऐतिहासिक निर्णय उनके दूरदर्शी नेतृत्व के प्रतीक हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल जी ने कहा कि अटल जी एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि और विचारक भी थे। उनके आदर्श और कार्यशैली आज भी जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।सरायपाली के पूर्व विधायक श्री त्रिलोचन पटेल जी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन सादगी, सहिष्णुता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक था। उन्होंने भारतीय राजनीति को संवाद और सहमति की संस्कृति दी।

वहीं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ऊषा पटेल जी ने कहा कि अटल जी का चिंतन, राष्ट्रप्रेम और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।कार्यक्रम में अंत में सभी उपस्थित जनों ने अटल जी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांत, गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।


