महासमुंद(जीतयादव)।जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार अवैध धान परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सघन कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सरायपाली विकासखंड अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुपमा आनंद के नेतृत्व में गठित राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग प्रकरणों में 1224 कट्टा अवैध धान एवं एक ट्रैक्टर जब्त किया है।

संयुक्त टीम को ग्राम कलेंडा में ओडिशा से लाकर अवैध रूप से धान डंप किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान परस राम यादव के घर में 160 कट्टा अवैध धान पाया गया। मौके पर मौजूद परस राम यादव ने टीम को बताया कि उक्त धान उसका नहीं है, बल्कि गिरजा शंकर का है, जिसे ओडिशा से लाकर उसके घर में भंडारित किया गया है।
ओडिशा से लाकर अवैध रूप से भंडारित अवैध धान पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के समय यह भी पाया गया कि अवैध धान को दो ट्रैक्टरों में लोड किया जा रहा था। टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 42 कट्टा धान सहित एक ट्रैक्टर को जब्त कर थाना सिंघोड़ा के सुपुर्द किया गया।इसी प्रकार ग्राम जोगनीपाली में निरीक्षण के दौरान 1022 कट्टा अवैध धान पाए जाने पर राजस्व एवं मंडी विभाग की टीम द्वारा धान को जब्त कर संबंधित गोदाम को सील किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीद-फरोख्त के मामलों में आगे भी कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।



