बसना। जगदीशपुर स्थित मिशन प्राथमिक शाला में विगत लगभग अस्सी वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी क्रिसमस महोत्सव के अवसर पर यीशु मसीह के जन्म पर आधारित लघु नाटिका का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम में शाला के लगभग 70 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी सशक्त अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया।

क्रिसमस महोत्सव में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार यीशु जन्म पर नाटिका की प्रस्तुति दी गई
नाटिका “प्रतिज्ञापुत्र” के माध्यम से संकटग्रस्त अय्यूब के जीवन प्रसंग को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाटिका में दर्शाया गया कि किस प्रकार अय्यूब अनेक कठिनाइयों, दुखों और परीक्षाओं के बावजूद भी परमेश्वर पर अटूट विश्वास रखते हुए उसकी शरण में रहता है और हर परिस्थिति में उसकी महिमा करता है। अंततः उसके धैर्य, आस्था और विश्वास का फल उसे सफलता के रूप में प्राप्त होता है। नाटिका ने यह संदेश दिया कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी ईश्वर का साथ नहीं छोड़ना चाहिए।

विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता, संवाद अदायगी और भावाभिव्यक्ति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठिका भावना रीतू नन्द, शिक्षक प्रीतम कंवर, कमलेश प्रधान एवं सहयोगी शिक्षिका अनिमिता नाग का विशेष योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।
मिशन प्राथमिक शाला की नाटिका के उपरांत जेनसन मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा भी अपनी सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया। उक्त जानकारी लोरीश गुरूजी द्वारा प्रदान की गई।



