बसना(जीतयादव)।प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी को लेकर सेजेस भूकेल, विकासखंड बसना में 19 दिसंबर 2025 को एक दिवसीय वृहद कार्ययोजना बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद विजय कुमार लहरे ने की।
इस अवसर पर पूर्णानंद मिश्रा, जिला समन्वयक (प्रतियोगी परीक्षा), तथा चक्रधर पटेल, प्रभारी प्राचार्य सेजेस भूकेल की विशेष उपस्थिति रही। कार्यशाला में जिले के सभी विकासखंडों से एनएमएमएस एवं प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों ने सहभागिता की।

कार्यशाला में निर्णय लिया गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यालय, संकुल, विकासखंड एवं जिला स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित कर विद्यार्थियों को विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही इन परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मार्गदर्शक शिक्षकों की एक दिवसीय वृहद जिला स्तरीय कार्यशाला जिला मुख्यालय महासमुंद में आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु शिक्षक टीम वर्क के साथ कार्य करें– जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे
जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवा रहे शिक्षक एक विशेष कार्य योजना बनाकर टीम के रूप में कार्य करें, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होकर सफल हो सकें।जिला कार्यक्रम समन्वयक पूर्णानंद मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष जिले से अधिकतम विद्यार्थियों को एनएमएमएस, प्रयास आवासीय विद्यालय सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सम्मिलित कराकर राज्य स्तर पर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष रूप से प्रयास आवासीय विद्यालय में सर्वाधिक चयन हेतु ठोस रणनीति बनाकर कार्य करने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला में डीईओ श्री लहरे ने घोषणा की कि जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले 500 विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा गाइड पुस्तकों का वितरण किया जाएगा, जिससे छात्रों का मनोबल बढ़े।कार्यशाला में पिथौरा ब्लॉक से कृष्ण कुमार ठाकुर, नरेश कुमार बरिहा; सरायपाली ब्लॉक से संजीत कुमार पात्रो; बागबाहरा ब्लॉक से छोटूराम निषाद; बसना ब्लॉक से उत्तरा चौधरी, पवन पटेल एवं वीरेंद्र कुमार कर उपस्थित रहे।

अंत में सेजेस प्रभारी प्राचार्य चक्रधर पटेल ने आभार व्यक्त करते हुए डीईओ विजय कुमार लहरे, जिला कार्यक्रम समन्वयक पूर्णानंद मिश्रा एवं समस्त शिक्षकों को विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों के लिए बधाई दी।



