बसना(जीतयादव)।बंसुला के बसना-पदमपुर मार्ग स्थित जगदंबा फर्नीचर मार्ट में वन विभाग की टीम ने 18 दिसंबर को छापेमार कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध साल एवं सागौन की लकड़ी जब्त की है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपए बताई जा रही है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रत्युष ताण्डेय ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार को कर्मचारियों की टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से तुलसी साव पिता जनक राम साव के फर्नीचर मार्ट में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मार्ट परिसर से अवैध सागौन चिरान 334 नग एवं अवैध साल चिरान 140 नग, कुल लगभग 1.540 घन मीटर लकड़ी बरामद की गई।
इसके अलावा फर्नीचर मार्ट के पीछे लगभग 700 मीटर दूरी पर छिपाकर रखे गए अवैध सागौन लट्ठा 84 नग (लगभग 4.000 घन मीटर) तथा अवैध साल लट्ठा 31 नग भी जब्त किए गए। मौके से लकड़ी से निर्मित सोफा, बेड, डायनिंग टेबल सहित घरेलू उपयोग के अनेक फर्नीचर भी बरामद किए गए हैं।
जगदंबा फर्नीचर मार्ट से बढ़ईगिरी के औजार भी जब्त
उड़न दस्ते द्वारा कार्रवाई के दौरान बढ़ईगिरी में उपयोग होने वाले कई औजार भी जब्त किए गए हैं, जिनमें राउटर मशीन, रेंदा, ड्रिल मशीन, कटर, छोटी-बड़ी आरी, बटासी, सिंकजा, विद्युत चलित रेंदा एवं मिनी आरा मशीन शामिल हैं।
वन विभाग द्वारा प्रकरण दर्ज कर अवैध लकड़ी के स्रोत एवं संलिप्त अन्य लोगों की जांच की जा रही है। मामले में वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।




