महासमुंद।ग्राम लाफिनकला में शासकीय पॉलिटेक्निक महासमुंद की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीण विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का कार्य किया।
एनएसएस शिविर के प्रथम दिवस स्वयंसेवकों द्वारा गांव के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। साथ ही स्वच्छता अभियान एवं दीवार लेखन के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। दूसरे दिवस पुलिस विभाग की महिला सेल प्रभारी तरुणा मडेनकर, गीता यादव एवं मोटिवेशनल स्पीकर मनोज डडसेना ने महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।
शासकीय पॉलिटेक्निक महासमुंद की एनएसएस इकाई ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
एनएसएस शिविर के तीसरे दिन उपस्वास्थ्य केंद्र लाफिनखुर्द की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों का बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन और सिकल सेल परीक्षण किया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के दौरान “मां सुन ले पुकार” थीम पर आधारित मंचन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसके माध्यम से नशा, बाल विवाह, पर्यावरण संरक्षण, लैंगिक भेदभाव एवं साइबर धोखाधड़ी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सशक्त संदेश दिया गया।
छात्रों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने जन्मदिन पर कम से कम 10 पौधे लगाएं, जिससे पर्यावरण में हरियाली बनी रहे। इसके बाद सभी ने स्वच्छता बनाए रखने और गांव को साफ रखने की शपथ ली।
एनएसएस शिविर के दौरान छात्रों ने विभिन्न प्रदेशों के लोकनृत्य, नाटक एवं लोकगीत प्रस्तुत किए। योगेश्वर चन्द्राकर ने एनएसएस गतिविधियों की ग्रामीण विकास एवं छात्र व्यक्तित्व निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों एवं स्वच्छता आधारित नाटकों ने लोगों को विशेष रूप से प्रभावित किया। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।छठवें दिवस स्वयंसेवकों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. डी.एस. रघुवंशी, कार्यक्रम समन्वयक सी.एस.वी.टी.यू. भिलाई उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. लक्ष्मीकांत कराल, उमाशंकर यादव, हेमंत कुमार महोबिया, हेमंत वर्मा, वैभव वर्मा, नीलकमल साहू, आनंद साहू, डॉ. वीनू चंद्राकर, शारदा चरण गुप्ता, सरपंच राधेश्याम साहू, भूपेंद्र कुमार साहू, मोहित साहू, नेतन पटेल, पूर्व कमलेश कुमार साहू, गोवर्धन साहू, ग्रामीण अध्यक्ष रामकुमार साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



