महासमुंद(जीतयादव)।छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए महासमुंद जिले को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रभात कुमार को महासमुंद का नया एसपी बनाया गया है। वहीं, वर्तमान पुलिस अधीक्षक आईपीएस आशुतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), नई दिल्ली के लिए रिलीव कर दिया गया है।

राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस प्रभात कुमार को एसआईबी (स्पेशल इंटेलिजेंस ब्यूरो), पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, महासमुंद के पद पर पदस्थ किया गया है। वे युवा और ऊर्जावान अधिकारी माने जाते हैं तथा खुफिया तंत्र में कार्य करने का उन्हें महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त है। अब उनके नेतृत्व में महासमुंद जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी रहेगी।

वहीं, 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी आशुतोष सिंह को केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई, नई दिल्ली में पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति पांच वर्षों की अवधि के लिए की गई है। राज्य शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से महासमुंद एसपी पद से भारमुक्त कर दिया है, ताकि वे नई दिल्ली में अपने नवीन दायित्वों का कार्यभार ग्रहण कर सकें।

आशुतोष सिंह के कार्यकाल में महासमुंद जिले में पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक कार्यों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उनके सीबीआई में चयन को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।प्रभात कुमार की नियुक्ति के साथ ही जिले में पुलिस प्रशासन से नई ऊर्जा और प्रभावी कार्यशैली की उम्मीद की जा रही है। प्रशासनिक हलकों में इस बदलाव को कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




