बसना।बसना विकासखंड में आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के दौरान परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक समग्र शिक्षा अनिल सिंह साव द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।

नवोदय प्रवेश परीक्षा निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूकेल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना, मॉडर्न पब्लिक स्कूल बसना तथा सेंट चार्ल्स स्कूल खेमड़ा को शामिल किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में कक्ष व्यवस्था, अनुशासन, परीक्षार्थियों की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
1416 पंजीकृत, 1184 विद्यार्थी हुए शामिल
इस वर्ष नवोदय प्रवेश परीक्षा के लिए पूरे बसना विकासखंड से 1416 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 1184 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर
जवाहर नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित यह प्रवेश परीक्षा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा, छात्रावास, भोजन, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, स्वास्थ्य सुविधाएं, खेलकूद तथा समग्र व्यक्तित्व विकास के अवसर प्राप्त होते हैं।
प्रतियोगी स्तर की परीक्षा
नवोदय प्रवेश परीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शहरी विद्यार्थियों के समकक्ष प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने हेतु मानसिक योग्यता परीक्षण (50 अंक), अंकगणित परीक्षण (25 अंक) एवं भाषा परीक्षण (25 अंक) सहित कुल 100 अंकों की परीक्षा ली जाती है। इस परीक्षा से निकलकर अनेक विद्यार्थी आगे चलकर आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर एवं अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में सफलता प्राप्त करते हैं।परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं परीक्षा देकर काफी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आत्मविश्वास की सराहना की।







