सरायपाली(जीतयादव)।विकासखंड सरायपाली में नवीन पाठ्यपुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शासकीय हाईस्कूल झिलमिला में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।प्रशिक्षण में कक्षा 6वीं के सामाजिक विज्ञान एवं अंग्रेजी विषय पढ़ाने वाले प्रत्येक विषय से 58-58 शिक्षक-शिक्षिकाओं का चयन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 तक आयोजित रहा।
अंग्रेजी विषय में भाषा कौशल पर जोर
अंग्रेजी विषय के प्रशिक्षक दीपक मिश्रा, नेमीचंद भोई एवं सुधीर सोना द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या 2023 एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) के अनुरूप तैयार नवीन पाठ्यपुस्तक की 5 यूनिट पर विशेष फोकस किया गया। शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा के चारों कौशल — सुनना, बोलना, पढ़ना एवं लिखना — को रोचक एवं गतिविधि आधारित तरीकों से विद्यार्थियों में विकसित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया, ताकि निर्धारित लर्निंग आउटकम सहज रूप से प्राप्त किए जा सकें।
इसके साथ ही कला शिक्षा (कृति-1), शारीरिक शिक्षा, आरोग्य हेतु योग एवं खेल यात्रा तथा व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत कौशल बोध विषय पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
सामाजिक विज्ञान को छह खंडों में समझाया गया
सामाजिक विज्ञान विषय के प्रशिक्षक चंद्रभानु पटेल एवं रामलाल साहू द्वारा “समाज का अध्ययन” नामक नवीन पाठ्यपुस्तक पर प्रशिक्षण दिया गया। सामाजिक विज्ञान को छह भागों में विभाजित कर शिक्षकों को समझाया गया, जिनमें प्रमुख रूप से —
(क) भारत एवं विश्व भूगोल एवं उनके निवासी,
(ख) अतीत के चित्र (इतिहास),
(ग) हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं ज्ञान परंपराएं,
(घ) शासन एवं लोकतंत्र,
(ङ) हमारे आसपास का आर्थिक जीवन
जैसे विषय शामिल रहे।
साथ ही नवीन पाठ्यपुस्तक आधारित मूल्यांकन प्रक्रिया पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रमाण पत्र वितरण के साथ प्रशिक्षण सम्पन्न
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस सभी प्रशिक्षार्थी शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर प्रशिक्षण का समापन किया गया। कार्यक्रम को लेकर शिक्षकों में उत्साह देखा गया।उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा दी गई।




