पिथौरा।ग्राम जम्हर में अमर शहीद वीर नारायण सिंह बिंझवार की शहादत दिवस एवं मूर्ति स्थापना समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
वीर नारायण सिंह के बलिदान को बताया प्रेरणास्रोत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि वीर नारायण सिंह का बलिदान छत्तीसगढ़ की जनआंदोलन परंपरा की रीढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि शहीद का जीवन संघर्ष, साहस और समाज के प्रति समर्पण का उत्तम उदाहरण है।
जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री का इस कार्यक्रम में शामिल होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह समारोह आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
ग्रामीणों ने जताया उत्साह
समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह के सम्मान में आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र की संस्कृति और इतिहास को संजोए रखने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधि व गणमान्य
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें सुनील भोई, संतोष पटेल, प्रशांत पण्डा, विनोद मेहेर, सुरेश पटेल, अश्विनी प्रधान, बसंत प्रधान और ऋतिक साहू प्रमुख रूप से शामिल थे। इनके साथ ही अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे, जिन्होंने शहादत दिवस को गरिमामय बनाने में सहभागिता निभाई।





