बसना (जीत यादव):-शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर में संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे के मार्गदर्शन और प्रधान पाठक गफ्फार खान के कुशल नेतृत्व में नेवता भोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।

नेवता भोज के तहत शासकीय प्राथमिक शाला पडकीपाली के प्रधान पाठक विरेन्द्र भोई ने लगातार दूसरी बार पीएम पोषण योजना के अंतर्गत स्वैच्छिक रूप से भोज का आंशिक खर्च प्रदान किया। भोज में बच्चों को खजूर, सेब, चॉकलेट, बिस्किट, बालूशाही व मिक्चर वितरित किया गया, जिसका आनंद बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया।

प्रधान पाठक गफ्फार खान ने नेवता भोज में सहयोग देने के लिए विरेन्द्र भोई का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता का सबसे बड़ा कारण पालकों की सक्रिय भागीदारी है। “नेवता भोज बच्चों को पौष्टिक आहार देने के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का माध्यम बन चुका है,” उन्होंने कहा।
शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नेहरू लाल ने कहा कि नेवता भोज विद्यालय में सामाजिक सहभागिता की अनूठी मिसाल बन गया है, जिसे बच्चे और अभिभावक बेहद पसंद कर रहे हैं। ग्राम पंचायत बी बनडबरी की सरपंच नोनी बाई ने बताया कि विद्यालय में यह 10वीं बार नेवता भोज आयोजित हुआ है, जो सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रधान पाठक गफ्फार खान की रणनीति की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के सदस्य रामेश्वरी कायतराम, रत्थूराम, घुरऊराम, रतन, गणेशराम, महेत्तरीन, सावित्री, बुधियारीन, भगवती, सहायक शिक्षक प्रहलाद साहू, आंगनबाड़ी सहायिका गायत्री सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।इस आयोजन पर बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे, संसाधन समन्वयक अनिल सिंह साव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी, संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे तथा जमदरहा संकुल के शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।



