सरायपाली (जीत यादव)। विकासखंड सरायपाली के समस्त संकुल समन्वयकों की एक महत्वपूर्ण विभागीय समीक्षा बैठक जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा महासमुंद रेखराज शर्मा की अध्यक्षता में विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक कार्यालय, सरायपाली में आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग के विविध बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित 62 बिंदु तथा शिक्षा सचिव कार्यालय से जारी 14 महत्वपूर्ण बिंदु शामिल थे।

बैठक में जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने संकुल समन्वयकों को निर्देशित करते हुए कहा कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र के वार्षिक परीक्षा परिणाम की तैयारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कक्षा 1 से 4 तथा कक्षा 6 से 7वीं तक के छात्रों के मूल्यांकन में त्रैमासिक परीक्षा का 20%, अर्धवार्षिक परीक्षा का 20% तथा वार्षिक परीक्षा का 60% अधिभार शामिल किया जाएगा। वहीं कक्षा 5वीं एवं 8वीं की बोर्ड परीक्षा में अर्धवार्षिक परीक्षा का 20% तथा वार्षिक परीक्षा के परिणाम का 80% अधिभार निर्धारित होगा।

इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि 31 दिसंबर 2025 तक सभी शालाओं में पंजीकृत विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत Apar ID निर्माण सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त पात्र विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र हेतु फॉर्म संकलन कर संकुल आईडी में अपलोड करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक ने संकुल समन्वयकों को निर्माण कार्यों की प्रगति, शैक्षिक गुणवत्ता, दिव्यांग विद्यार्थियों के प्रशिक्षण, शिक्षकों के ऑनलाइन पंजीयन एवं उपस्थिति, तथा अपार आईडी से जुड़े कार्यों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया।

बैठक में संजय ध्रुव, एपीसी महासमुंद; डी.एन. दीवान, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली; अनिल सिंह साव, विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक बसना; एवं सरायपाली क्षेत्र के सभी संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई तथा आगामी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश तय किए गए।




