महासमुंद(जीत यादव)। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए महासमुंद जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ एवं ऑपरेटर संघ ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी है। हड़ताल समाप्ति का आधिकारिक पत्र संघ के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को सौंप दिया है। अब सभी समिति प्रबंधक, सहायक समिति प्रबंधक, विक्रेता, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी कल से अपने-अपने कार्यस्थलों पर पुनः उपस्थित होकर धान उपार्जन केंद्रों में पूर्व की भांति सेवाएं देंगे।

संघ की ओर से बताया गया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया था। किसानों की धान खरीदी प्रक्रिया बाधित न हो, इसके लिए कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से सकारात्मक निर्णय लेते हुए कार्य पर लौटने की सहमति दी। संघ ने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा और हित सर्वोपरि हैं, इसलिए धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

आज देर शाम जिला कार्यालय के सभा कक्ष में संघ के जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव, नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा एवं उप पंजीयक द्वारिका नाथ के समक्ष हड़ताल समाप्त करने संबंधी पत्र सौंपा। प्रशासनिक अधिकारियों ने कर्मचारियों द्वारा उठाई गई मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया और धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रूप से जारी रखने में सहयोग देने के लिए संघ का धन्यवाद किया।

कर्मचारियों के कार्य पर लौटने से जिले में धान खरीदी प्रक्रिया पुनः गति पकड़ने की उम्मीद है। किसानों ने भी कर्मचारियों के इस निर्णय का स्वागत करते हुए राहत की सांस ली है। प्रशासन ने सभी धान उपार्जन केंद्रों को निर्देश दिया है कि खरीदी कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुचारू रूप से संचालित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




