महासमुंद पुलिस का जन जागरूकता अभियान — साइबर अपराध, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर दी गई जानकारी
महासमुंद(जीत यादव )। महासमुंद पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नागरिकों को साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराध और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम भंवरपुर चौकी, महासमुंद बस स्टेशन, सिरपुर, बागबाहरा घुचापाली चंडी मंदिर, पटेवा श्याम नगर झलप, कोमाखान, भलेसर, बलौदा कॉलेज, सिरबोड़ा थाना बलौदा, खल्लारी मंदिर परिसर, तेंदुकोना, बालोदा सरस्वती शिशु मंदिर, शंकराचार्य भवन महासमुंद और आसपास के कई स्कूलों व ग्राम पंचायतों में जाकर लोगों को जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के लिए नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए। किसी अनजान नंबर से आने वाले वीडियो कॉल या लिंक पर क्लिक न करें, किसी परिचित के नाम से पैसे की मांग पर तुरंत तस्दीक करें, और किसी भी ऑनलाइन ठगी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर थाना में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
साथ ही लोगों को नशे के दुष्परिणाम, महिला सुरक्षा, और यातायात नियमों के पालन की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी तरह की गौवंश तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और डायल 112 सेवा का सदुपयोग करें।
यह अभियान जिले के लगभग 2500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और ग्रामीणों तक पहुंचा। पुलिस ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि समाज में सुरक्षा और जागरूकता का माहौल बनाया जा सके।




