सरायपाली — वाणिज्य विभाग के विद्यार्थियों ने जाना दूध उद्योग का व्यावहारिक पहलू, देवभोग संयंत्र का किया भ्रमण
सरायपाली ।स्वर्गीय राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय सरायपाली के वाणिज्य विभाग के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कर औद्योगिक अनुभव हासिल किया। यह भ्रमण देवभोग डेयरी संयंत्र में आयोजित किया गया, जहाँ विद्यार्थियों ने दूध से बनने वाले विभिन्न उत्पादों की पूरी निर्माण प्रक्रिया को करीब से देखा।

भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को दूध प्रसंस्करण, संग्रहण, पैकेजिंग और विपणन की बारीकियों से अवगत कराना था। वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष प्राची गुप्ता, सहायक प्राध्यापक डॉ. गायत्रीप्रसाद पटेल और भुवनेश्वर नंद के मार्गदर्शन में एम.कॉम और बी.कॉम के छात्र-छात्राएँ उत्साह के साथ भ्रमण में शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने दूध से बनने वाले उत्पाद — जैसे दही, पनीर, लस्सी, श्रीखंड, पेड़ा, खोवा और घी — के निर्माण की प्रक्रिया को मशीनों और संयंत्रों में प्रत्यक्ष रूप से देखा। देवभोग संयंत्र के मुख्य प्रबंधक और सहायक प्रबंधक शशांक निर्मलकर ने विद्यार्थियों को तकनीकी और गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने कहा कि इस तरह के भ्रमण न केवल उनके ज्ञान को बढ़ाते हैं बल्कि उन्हें उद्योग और व्यापार की व्यावहारिक समझ भी प्रदान करते हैं। वाणिज्य विभाग की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थी किताबों से बाहर निकलकर व्यावहारिक शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ सकें।




