बसना। रविवार शाम को हुए भीषण सड़क हादसे में ग्राम चकरदा निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चकरदा निवासी ठण्डाराम पटेल और मनोज पटेल रविवार को रायपुर वार्ड बॉय की परीक्षा देने गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल (सुपर स्प्लेंडर CG06 GU 4742) से अपने गांव लौट रहे थे।
शाम करीब 6:30 बजे, जब वे जगदीशपुर ओवरब्रिज के आगे पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही कार (OD17 D 7555) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को शासकीय अस्पताल बसना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ठण्डाराम पटेल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनोज पटेल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



