महासमुंद। जिले के लिए यह गर्व और सम्मान का क्षण है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “विकसित भारत बिल्डथॉन 2025” कार्यक्रम में महासमुंद जिले की दो छात्राएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रत्यक्ष संवाद करेंगी।
विकसित भारत बिल्डथॉन कार्यक्रम में छात्राओं की उपलब्धि पर विद्यालय व जिले में हर्ष का माहौल।
यह कार्यक्रम 13 अक्टूबर को नई दिल्ली से लाइव प्रसारण के माध्यम से आयोजित होगा, जिसमें देशभर के 1.5 लाख विद्यालयों के एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। इस आयोजन की थीम प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत की परिकल्पना पर आधारित है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलसोंडा की छात्राएं अहिल्या साहू (कक्षा 12वीं) और मेघा चंद्राकर (कक्षा 10वीं) प्रधानमंत्री मोदी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद करेंगी। इस अवसर को लेकर विद्यालय और जिले में उत्साह का माहौल है।
विकसित भारत बिल्डथॉन कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य शोभा सिंहदेव ने बताया कि प्रधानमंत्री से सीधा संवाद करने का अवसर विद्यालय और पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास और नवाचार के प्रति रुचि बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के एटीएल प्रभारी जगदीश सिन्हा, रीजनल टीचर चंद्रशेखर मिथलेश और नोडल अधिकारी सुबोध तिवारी के मार्गदर्शन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

विकसित भारत बिल्डथॉन कार्यक्रम की विशेष तैयारी:
राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा रायपुर से अधिकारी मुक्ति बैस के नेतृत्व में एक टीम ने विद्यालय पहुंचकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम और संपूर्ण तकनीकी व्यवस्था का निरीक्षण किया। स्कूल में बच्चों और शिक्षकों में इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर उत्साह और गर्व की भावना है।
विकसित भारत बिल्डथॉन का उद्देश्य देशभर के विद्यार्थियों में नवाचार, स्वदेशी सोच और स्थानीय समस्याओं के समाधान की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस मंच पर विद्यार्थी अपने अभिनव विचारों के माध्यम से दिखाएंगे कि भविष्य का भारत कैसे आत्मनिर्भर, तकनीकी रूप से सशक्त और नवाचार-आधारित बन सकता है।

छत्तीसगढ़ से सिर्फ तीन विद्यालयों का चयन
राज्यभर से केवल तीन विद्यालयों के छह विद्यार्थियों को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। इनमें से दो छात्राएं महासमुंद जिले की हैं, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।

छात्राओं की खुशी:
छात्रा मेघा चंद्राकर ने कहा, “यह मेरे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। पहले चेन्नई में अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिला था, अब प्रधानमंत्री से संवाद करना मेरे लिए अविस्मरणीय होगा।”
वहीं अहिल्या साहू ने कहा, “विकसित भारत बिल्डथॉन में पीएम और शिक्षा मंत्री से सीधे चर्चा करना हमारे लिए गर्व का क्षण है। हम इस अवसर को प्रेरणा के रूप में लेकर आगे बढ़ेंगे।”
इस आयोजन से महासमुंद जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है और यह छात्राओं के साथ-साथ जिले के संपूर्ण शिक्षा तंत्र के लिए भी उपलब्धि का क्षण है।



