सरायपाली। क्षेत्र के ग्राम बिछिया में मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में गांव के ही एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी दौरान विधायक चातुरी नंद गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर खोखसा जा रही थीं। हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल मानवीय पहल दिखाते हुए अपनी गाड़ी रुकवाई और घायलों की मदद के लिए आगे आईं।
विधायक नंद ने बिना किसी देरी के घायल दंपति को अपनी निजी वाहन एवं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एडवोकेट पुरुषोत्तम पटेल की गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली पहुंचाया। वहां पहुंचते ही उन्होंने चिकित्सकों को तत्काल उपचार प्रारंभ करने के निर्देश दिए और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
डॉ. आयुष अग्रवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रायपुर रेफर किया। चूंकि उस समय 108 और सरकारी एंबुलेंस अन्यत्र व्यस्त थीं, इसलिए विधायक चातुरी नंद की विशेष पहल पर निजी अस्पताल से एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई।
विधायक तब तक अस्पताल परिसर में मौजूद रहीं, जब तक घायलों को रायपुर के लिए रवाना नहीं किया गया। उन्होंने कहा — “मुझे जानकारी मिली कि दंपति एक घंटे से सड़क किनारे घायल पड़े थे और एंबुलेंस नहीं पहुंची थी। ऐसे में मैंने स्वयं उन्हें वाहन से अस्पताल पहुंचाया।”
स्थानीय नागरिकों ने विधायक चातुरी नंद की इस तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की, कहा कि यह कदम जनसेवा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है।



