बसना। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम भतकुंदा स्थित शक्ति पीठ वनदुर्गा माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर बसना विधानसभा क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने विधि-विधान से जोत प्रज्वलित कर नवरात्रि पूजा-अर्चना का शुभारंभ किया। उन्होंने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की तथा श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
भतकुंदा वनदुर्गा माता मंदिर में माता रानी के जयकारों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए की प्रार्थना।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना से लोगों को सत्य के मार्ग पर चलने, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा एकता बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने माता रानी से भतखुंदा सहित पूरे बसना विधानसभा क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है मंदिर
ग्राम भतकुंदा स्थित शक्ति पीठ वनदुर्गा माता मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। नवरात्रि के दौरान यहां भक्त माता रानी के दर्शन करने, जोत प्रज्वलित करने और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना करने पहुंचते हैं। भतकुंदा वनदुर्गा माता मंदिर में माता रानी के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
इस अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने मंदिर समिति के सदस्यों और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने किसानों, युवाओं और प्रत्येक परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए श्रद्धालुओं से नवरात्रि पर्व को श्रद्धा, संयम और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु माता वनदुर्गा से क्षेत्र की खुशहाली और कल्याण की कामना कर रहे हैं।


