पिथौरा(जीतयादव)। बसना विधानसभा के ग्राम मुढीपार (विकासखंड पिथौरा) में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री श्री दयालदास बघेल जी, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल जी और कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सुशासन तिहार में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र व ट्राइसाइकिल वितरित किये गए ।
कार्यक्रम में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। शिविर में हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के प्रमाण पत्र, किसान प्रशस्ति पत्र और ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



