पिथौरा(जीतयादव)। पिथौरा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत सुखीपाली (शांतिनगर) में वन्यजीव क्रूरता का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 5 वर्षीय मादा नीलगाय की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की गई मादा नीलगाय, 6 आरोपी फरार।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि आवारा कुत्तों का झुंड एक नीलगाय को दौड़ा रहा है। जान बचाकर भाग रही नीलगाय थककर निढाल हो गई, तभी शांतिनगर निवासी ईश्वर कुम्हार और टंकधर रात्रे ने उसे भालूडोंगरी के पास घेर लिया।
आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर नीलगाय को गिरा दिया और उसके बाद गले पर लगातार वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी मृत वन्यजीव को घसीटकर पास के खेत में ले गए, जहां सचिन, विद्याधर, सुरेंद्र झरेखा और जोहित झरेखा भी पहुंच गए और मांस तैयार करने की कोशिश करने लगे।
इस बीच मुखबिर की सूचना पर वन परिक्षेत्र अधिकारी सुखराम निराला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर जोहित झरेखा और सुरेंद्र झरेखा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें 7 साल तक की सजा का प्रावधान है। मृत वन्यजीव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार किया गया है।
फिलहाल वन विभाग फरार आरोपियों की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



