सरायपाली(जीतयादव)। नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस ने 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये बताई जा रही है।इस मामले में महाराष्ट्र के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 281 किलो गांजा सहित 2 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा उड़ीसा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में खपाने की योजना बनाई गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने एनएच 53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान एक टोयोटा फॉर्च्यूनर (MH 12 WC 0090) और एक महिंद्रा स्कॉर्पियो (MH 12 YH 0090) को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान दोनों वाहनों में रखी बोरियों से कुल 281.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे इस गांजे को फुलवानी (उड़ीसा) से पुणे ले जा रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा एक फॉर्च्यूनर कार (कीमत लगभग 40 लाख रुपये), एक स्कॉर्पियो कार (कीमत लगभग 25 लाख रुपये) और 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत शंकर गोले (38), क्षितिज वीरसेन जाधव (21), अक्षय नंदकुमार निगम (27), अभिषेक डेविड जगले (26) और महेश काटकर (39) शामिल हैं, जो सभी महाराष्ट्र के निवासी बताए जा रहे हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



