बसना(जीतयादव)। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की पूर्व संध्या पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल में शुक्रवार शाम 5:00 बजे से विशेष “आकाश दर्शन” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को टेलिस्कोप के माध्यम से चंद्रमा, उसके क्रेटर, बृहस्पति ग्रह, ध्रुव तारा सहित विभिन्न ग्रह-उपग्रहों और तारामंडल का अवलोकन कराया जाएगा।
शाम 5 बजे से होगा विशेष आयोजन, वैज्ञानिक सोच विकसित करने की अनूठी पहल।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना और खगोल विज्ञान की रोचक जानकारी से उन्हें जोड़ना है। आयोजकों का मानना है कि खुले आकाश के नीचे प्रत्यक्ष रूप से ग्रह-नक्षत्रों को देखना बच्चों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव होगा।

इस आयोजन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बद्री विशाल जोल्हे, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री अनिल सिंह साव, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री लोकेश्वर सिंह कंवर, श्री हीराधर साव (प्रधान पाठक), श्री प्रेमचंद साव (डॉ.सीवी रमन् बाल विज्ञान परिषद् शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल के संयोजक व विज्ञान शिक्षक) तथा श्री अजय कुमार (व्याख्याता, सेजस बसना) की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष से जुड़े रोचक तथ्यों और वैज्ञानिक महत्व की जानकारी दी जाएगी।
प्राथमिक विद्यालय अरेकेल के प्रधान पाठक श्रीमती रत्ना कर, सहायक शिक्षक आसमा परविन खान, श्रीमती सरिता सिदार, शिक्षक श्री राजकुमार निषाद, रेखा पाण्डेय उपस्थित रहेंगे। विद्यालय परिवार ने क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों और विज्ञान में रुचि रखने वाले नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
ग्रामीण अंचल के बच्चों को मिलेगा अंतरिक्ष को करीब से देखने का अवसर।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर इस तरह के आयोजन से न केवल बच्चों का ज्ञानवर्धन होगा, बल्कि उनमें वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा भी विकसित होगी। आयोजकों का कहना है कि इस पहल से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को भी आधुनिक उपकरणों के माध्यम से अंतरिक्ष को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा, जो उनके लिए प्रेरणास्रोत साबित हो सकता है।





