सरायपाली(जीतयादव)। विकासखंड सरायपाली के संकुल सिंघोड़ा अंतर्गत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी के विद्यार्थियों को शैक्षिक एवं प्रशासनिक अध्ययन के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय तथा विकासखंड स्रोत केंद्र (BRC) कार्यालय का अवलोकन किया।
रिमजी विद्यालय के विद्यार्थियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी और BRC कार्यालय का किया शैक्षिक भ्रमण।
यह भ्रमण उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था, जिन्होंने पिछले तीन महीनों के दौरान नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहकर होमवर्क, क्लासवर्क तथा विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। ऐसे विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनके अनुभव को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से इस शैक्षिक भ्रमण में शामिल किया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों के संचालन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े कई जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकमचंद पटेल तथा विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल और सहज ढंग से उत्तर देते हुए उन्हें शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
![]()
इस शैक्षिक एवं प्रशासनिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देना तथा उनमें जिज्ञासा और सीखने की भावना को प्रोत्साहित करना था।
![]()
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक ओम प्रकाश साव तथा शिक्षक कमल नारायण भोई भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस भ्रमण से विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला और उनके ज्ञान व अनुभव में वृद्धि हुई।उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा दी गई।



