महासमुंद। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत सोमवार को बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रथम पाली में बीएलओ एवं द्वितीय पाली में बीएलए का प्रशिक्षण हुआ। अब 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कार्य किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने प्रथम पाली में स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, महासमुंद में आयोजित प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया। इसी तरह सभी अनुविभागीय कार्यालयों में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कलेक्टर लंगेह ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने का अवसर देना और मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने सभी एसडीएम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रशिक्षण के निरीक्षण और बीएलओ की शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बीएलओ को पुनरीक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मास्टर ट्रेनर एवं हेल्प डेस्क के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए जाएं। प्रशिक्षण के दस्तावेज और फोटोग्राफ सुरक्षित रखे जाएंगे ताकि कार्य की निगरानी और मूल्यांकन में उनका उपयोग हो सके।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में गलत प्रविष्टि स्वीकार्य नहीं होगी। संदेह की स्थिति में बीएलओ को वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल मार्गदर्शन लेने की सलाह दी गई।

