बसना (रूपानंद साव)। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले बाल दिवस को प्राथमिक शाला मोहगांव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बंसुला परीक्षेत्र साहू संघ की महिला उपाध्यक्ष श्रीमती मोगरा वेदकुमार साव ने विद्यालय पहुँचकर नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों को कॉपी और पेन वितरित कर उनके उत्साह को बढ़ाया।
श्रीमती मोगरा साव ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित करते हुए कहा कि “बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा सबसे बड़ा आधार है।” उन्होंने बाल दिवस को बच्चों के अधिकार, शिक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूकता का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

कॉपी-पेन वितरण कार्यक्रम में प्राथमिक शाला मोहगांव के प्रधान पाठक एवं सभी शिक्षक उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायत पथरला-मोहगांव के उप सरपंच और ग्राम मोहगांव के साहू समाज के पदाधिकारी उदय लाल साव भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

गौरतलब है कि श्रीमती मोगरा साव हाल ही में बंसुला परीक्षेत्र साहू संघ की महिला उपाध्यक्ष निर्विरोध चुनी गई हैं। उनका उद्देश्य सामाजिक सेवा, शिक्षा को बढ़ावा देना और बच्चों को प्रेरित करना है। बाल दिवस पर उनका यह सराहनीय योगदान उपस्थित ग्रामवासियों एवं शिक्षकों द्वारा विशेष रूप से सराहा गया।




