बसना (जीत यादव)। बसना विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर में नौवीं बार नेवता भोज का आयोजन किया गया।संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे के मार्गदर्शन एवं प्रधान पाठक गफ्फार खान के नेतृत्व में मध्यान्ह भोजन पोषण योजना के तहत आंशिक रूप से कार्यक्रम में बच्चों को सेब, बालूशाही, मिक्चर, चॉकलेट और बिस्कुट वितरित किए गए, जिसे पाकर बच्चों ने खुशी जाहिर की।

प्रधान पाठक गफ्फार खान ने नेवता भोज में सहयोग देने पर हीराधर एवं भीष्मदेव का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके बच्चे पायल और कृष्णा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गफ्फार खान ने कहा कि नेवता भोज की निरंतरता का मुख्य आधार सामाजिक सहभागिता है। इससे बच्चों को पौष्टिक आहार प्राप्त होता है, जो उनके शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक है।

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नेहरू लाल ने नौवीं बार नेवता भोज का सफल आयोजन पर प्रधान पाठक को बधाई दी। वहीं ग्राम पंचायत बी-बनडबरी की सरपंच नोनी बाई ने कहा कि वनांचल क्षेत्र में स्थित विद्यालय में लगातार नेवता भोज का आयोजन होना सराहनीय एवं पुनीत कार्य है। उन्होंने ग्रामीणों से इस सामाजिक पहल में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नेहरू लाल, उपाध्यक्ष खेमकुमारी, कायतराम, घुरऊराम, बुधियारीन, मेहत्तरीन, सहायक शिक्षक प्रहलाद साहू, आंगनबाड़ी सहायिका गायत्री सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।नेवता भोज के आयोजन पर बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे, विकासखंड स्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी, संकुल समन्वयक डिजेंद्र कुर्रे तथा जमदरहा संकुल के शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।




