महासमुंद(जीतयादव)।जिले में आम जनता को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा “नवा बिहान” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत हाट-बाजार, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, बैंक और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराध और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हाट-बाजार से लेकर गांवों तक पहुंचकर पुलिस “नवा बिहान” तहत दे रही साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और हेल्पलाइन की जानकारी।
“नवा बिहान” अभियान के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर स्टाकिंग, फेक प्रोफाइल, सोशल मीडिया सुरक्षा और जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और गौ तस्करी रोकथाम जैसे विषयों पर भी लोगों को समझाइश दी जा रही है।

पुलिस टीम ने ग्राम भंवरपुर, खैराटकला, तेंदुकोना और बेलडीह के साप्ताहिक बाजारों में पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान नागरिकों को सलाह दी गई कि वे सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें, मजबूत पासवर्ड रखें और किसी भी अनजान लिंक या कॉल से सतर्क रहें।
अभियान के तहत यह भी बताया गया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें या नजदीकी थाने में संपर्क करें। साथ ही आपातकालीन स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने की अपील की गई।

महासमुंद पुलिस ने “शिकायत हेल्प डेस्क – संवाद” व्हाट्सएप नंबर 9479229939 जारी कर लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।इस जागरूकता अभियान से अब तक करीब 1500 से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं और पुलिस लगातार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान चला रही है।



