बसना। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, पिरदा (बसना) की कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग की छात्रा मनीषा राणा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता (सीनियर बालिका वर्ग) में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के पीटीआई खीरसागर कैवर्त्य ने जानकारी दी कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता कांकेर जिले में 6 से 9 नवंबर 2025 तक आयोजित की जाएगी। मनीषा राणा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए इसमें भाग लेंगी।
खेल जगत में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मनीषा ने विद्यालय और क्षेत्र दोनों का मान बढ़ाया है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने उनके इस चयन को गर्व का विषय बताया है।
विद्यालय के प्राचार्य तरुण पटेल, वरिष्ठ व्याख्याता महेश कुमार बरिहा, पौलस बरिहा, लोरीश कुमार और प्रधानपाठक अरुण प्रधान सहित समस्त शिक्षकों ने मनीषा की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मनीषा के पिता नवीन राणा ने कहा कि उनकी बेटी ने मेहनत और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। परिवार को उनकी इस उपलब्धि पर अत्यधिक गर्व है।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि मनीषा जैसी प्रतिभाशाली छात्राओं को देखकर अन्य छात्र-छात्राओं में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ रहा है। विद्यालय ने यह भी बताया कि भविष्य में और अधिक खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।


