पिथौरा(जीतयादव)। पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाकर बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को मदिरा की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
आबकारी विभाग की रेड में मैकडॉवेल शराब में पानी मिलाते चार कर्मचारी रंगे हाथ पकड़े गए।
जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को आबकारी विभाग की टीम आवश्यक निरीक्षण के लिए अचानक पिथौरा की अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान टीम ने देखा कि दुकान में कार्यरत कर्मचारी खुलेआम शराब की बोतलों का सील खोलकर उसमें पानी मिलाने का काम कर रहे थे।
आबकारी अधिकारियों ने तत्काल दबिश देकर मौके से चार कर्मचारियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान करन सोनटके, उमेश मन्नाडे, नारायण निषाद और हेमंत पटेल के रूप में हुई है। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि मदिरा दुकान में मिलावटखोरी का यह खेल लंबे समय से चल रहा था। पकड़े गए कर्मचारियों में से उमेश मन्नाडे और करन सोनटके पिछले करीब दो वर्षों से इसी दुकान में कार्यरत थे, जबकि नारायण निषाद और हेमंत पटेल पिछले 7-8 महीनों से यहां पदस्थ थे। लंबे समय तक एक ही स्थान पर पदस्थ रहने के कारण कर्मचारियों के हौसले इतने बढ़ गए थे कि वे बेखौफ होकर ग्राहकों को पानी मिली शराब बेच रहे थे।
आबकारी विभाग ने कार्रवाई के दौरान पानी मिलावट की गई मैकडॉवेल नंबर-1 शराब की बोतलें भी जब्त की हैं।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले में शराब दुकानों में मिलावट और अनियमितताओं के खिलाफ आगे भी लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा।



