सरायपाली(जीतयादव)।स्व. राजा वीरेन्द्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय सरायपाली द्वारा आयोजित पुरस्कार सह स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सरायपाली विधायक चातुरी नंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।महाविद्यालय परिवार ने विधायक का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संध्या भोई की अध्यक्षता में संपन्न हुआ समारोह, विधायक चातुरी नंद ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता और छात्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

समारोह में विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।अपने संबोधन में विधायक चातुरी नंद ने कहा कि इस महाविद्यालय से उनका विशेष जुड़ाव रहा है और यहां आकर पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन संघर्ष, परिश्रम और सपनों को साकार करने का समय होता है। यदि विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें तो सफलता अवश्य मिलती है।

उन्होंने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार उच्च शिक्षा के अवसरों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में प्राध्यापकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह प्रेरणा, उत्साह और आत्मीयता के माहौल में संपन्न हुआ।




