महासमुंद(जीतयादव)। कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ पर रेड मारी है। इस कार्रवाई में 3 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
कोमाखान में कुलिया गौठान के पास कार्रवाई, नगदी और वाहन समेत 1.17 लाख की संपत्ति जब्त।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कुलिया गौठान के पास बाहरी लोग जुआ खेलने के लिए जुट रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान तीन व्यक्तियों को रुपए-पैसों का दांव लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान योगेश कुमार साहू (निवासी बिहाझर, थाना बागबाहरा), खेमराज जैन (निवासी लुकुपाली, थाना कोमाखान) और तुषार चंद्राकर (निवासी खोपली, थाना बागबाहरा) के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से 51,330 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 3 मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की गई है। कुल जप्त संपत्ति की कीमत करीब 1,17,330 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



