सांकरा। झेरिया यादव समाज की ग्राम सांकरा में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें समाज के विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में समाज की एकता, धार्मिक भावना और संगठनात्मक सुदृढ़ता को लेकर कई ठोस निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान सरायपाली ब्लॉक के ग्राम छुहीपाली में एक भव्य श्री राधा कृष्ण मंदिर निर्माण का प्रस्ताव तहसील अध्यक्ष श्री नरेंद्र यादव द्वारा रखा गया। इस प्रस्ताव का समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं ने सर्वसम्मति से समर्थन किया और मंदिर निर्माण में आर्थिक व श्रमदान दोनों रूपों में सहयोग देने का संकल्प लिया।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मंदिर केवल आस्था का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि समाज की एकता और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र बनेगा। बैठक में समाज के विकास से जुड़े अन्य विषयों जैसे शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता पर भी विचार-विमर्श हुआ।

इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों, युवा प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति रही। सभी ने समाज की उन्नति के लिए सामूहिक प्रयास करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त, संगठित एवं संस्कारित समाज की नींव रखने का आह्वान किया।



