बसना(जीतयादव)।भगतदेवरी में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी टंकी की स्थिति बेहद खराब हो गई है। पाइपलाइन में कई जगह छेद होने के कारण पानी लगातार बर्बाद हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
भगतदेवरी में पाइपलाइन में जगह-जगह छेद, ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पाइपलाइन लीकेज की वजह से घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। हालात यह हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज के स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है। जबकि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पानी पहुंचाना है, लेकिन भगतदेवरी में यह योजना अपने उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पानी की कमी के कारण लोगों को न सिर्फ दैनिक कार्यों में परेशानी हो रही है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देना चाहिए। पाइपलाइन की मरम्मत कर पानी की सप्लाई सुचारू करना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजना के बावजूद यदि जमीनी स्तर पर ऐसी लापरवाही सामने आती है, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।



