महासमुंद(जीतयादव)।शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोहगांव में सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नेवता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम बागबाहरा श्रीमती नमिता मारकोले ने बच्चों को नेवता भोज कराया। साप्ताहिक समय-सीमा बैठक के पश्चात विकासखंड के समस्त वरिष्ठ अधिकारी विद्यालय पहुंचे और बच्चों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर दोपहर का भोजन किया। अधिकारियों की उपस्थिति से बच्चे अत्यंत उत्साहित दिखाई दिए और विद्यालय परिसर में आत्मीय व उत्सवपूर्ण वातावरण बना रहा।

नेवता भोज कार्यक्रम में अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम श्रीमती नमिता मारकोले ने कहा कि बच्चे समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उनका शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मध्यान्ह भोजन योजना न केवल बच्चों के पोषण स्तर को सुदृढ़ करती है, बल्कि विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभाती है। नेवता भोज जैसे आयोजन बच्चों में यह भाव जगाते हैं कि प्रशासन और समाज दोनों उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मंडावी ने कहा कि शिक्षा और पोषण का संतुलन बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला है। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलता है जब समाज की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो। नेवता भोज सामुदायिक सहयोग का सशक्त उदाहरण है, जिससे बच्चों में अपनत्व और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने बच्चों से शिक्षकों के मार्गदर्शन में निरंतर सीखते रहने और अपने परिवार, विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
तहसीलदार श्री नितिन ठाकुर ने बच्चों को आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण और सतत प्रयास को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि विद्यालय में सीखे गए संस्कार और अनुशासन जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचने में सहायक होते हैं। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सीएमओ श्री गिरीश चंद्रा, कोमाखान तहसीलदार श्री हरीश ध्रुव, सीडीपीओ श्रीमती मनीषा साहू, बीएमओ श्री बी.एस. बढ़ई, एबीईओ श्री रामता मन्नाडे, बीआरसी श्रीमती भूपेश्वरी साहू, पीडब्ल्यूडी से सब इंजीनियर साहू मैडम सहित विद्यालयीन स्टाफ व शिक्षकगण—प्राचार्य श्री देवेंद्र चंद्राकर, चेतन साहू, संकुल समन्वयक हुलास दीवान, शैलेन्द्र ठाकुर, रामसिंह नाग, पुरुषोत्तम डड़सेना, मनोज साहू, रामप्रसाद दीवान, झगेश साहू, छोटू निषाद, पद्मा ध्रुव, भूपेश जसपाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


