सरायपाली (जीत यादव)।विकासखंड के सुदूर एवं दूरस्थ अंचलों में स्थित शासकीय विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक द्वारा मंगलवार 16 दिसंबर 2025 को संकुल केंद्र टेमरी अंतर्गत आने वाले विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला टेमरी, बनोभाठा, कापूकुंडा, जामपाली, गेर्रा तथा उच्च प्राथमिक शाला टेमरी का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक कार्यों एवं शैक्षणिक नवाचारों की गहन समीक्षा की गई।
शैक्षणिक गतिविधियों में कसावट लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बीआरसीसी देवानंद नायक ने अपार आईडी निर्माण, जाति प्रमाण पत्र तैयार करने, व्हीएसके एप के माध्यम से शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, शिक्षक डायरी संधारण, विद्यार्थी विकास सूचकांक जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।इसके साथ ही विद्यालयों में मुस्कान पुस्तकालय, गणित कार्नर, विज्ञान कार्नर, भाषा कार्नर, लर्निंग कार्नर, जादुई पिटारा जैसी गतिविधि आधारित शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में वृद्धि हो सके।
योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान राज्य छात्रवृत्ति योजना, मध्यान्ह भोजन योजना, परीक्षा पे चर्चा 2025 सहित अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बीआरसीसी नायक ने संबंधित शिक्षकों को सभी कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन और संकुल स्तर पर समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
संकुल समन्वयक ने दिया आश्वासन
निरीक्षण के दौरान संकुल समन्वयक हेमचंद पटेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का संकुल स्तर पर पूर्ण रूप से पालन करवाने का आश्वासन दिया।निरीक्षण कार्यक्रम को विद्यालय स्टाफ द्वारा सकारात्मक रूप से लिया गया और शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।





