सरायपाली(जीतयादव)।अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सरायपाली विकासखंड की होनहार छात्रा कु. अनुपम साहू ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केदुवां में अध्ययनरत कक्षा दसवीं की छात्रा अनुपम साहू ने जिला महासमुंद की प्रवीण्य सूची में तृतीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे विकासखंड सरायपाली को गौरवान्वित किया है।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में मेहनत और संस्कार की जीत, अनुपम साहू बनी क्षेत्र की प्रेरणा।
अनुपम साहू, पिता श्री दुर्गा प्रसाद साहू, ग्राम बिजातीपाली की निवासी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अनुपम ने निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। जिला स्तरीय सम्मान समारोह में उन्हें प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और गर्व साफ झलक रहा था।
![]()
इस उपलब्धि को केदुवां स्कूल के लिए ऐतिहासिक बताते हुए प्रभारी प्राचार्य श्री अरुण कुमार भोई ने कहा कि अनुपम की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रा के माता-पिता को भी इस सफलता का श्रेय देते हुए कहा कि परिवार का सहयोग और संस्कार ही बच्चों की असली पूंजी होते हैं।

भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा समारोह के दौरान अनुपम के माता-पिता के साथ प्रभारी प्राचार्य को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं सहपाठियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अनुपम को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अनुपम साहू ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं नियमित अध्ययन को देते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तरह मेहनत कर समाज और देश के लिए कुछ सार्थक करना चाहती हैं। अनुपम की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि सच्ची लगन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।




