बसना(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अतिथियों तथा ग्रामीणजनों का मन मोह लिया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां, गढ़पटनी स्कूल में भारत माता के जयघोष से गूंजा विद्यालय परिसर।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।
समारोह में मुख्य अतिथि सुग्रीव भोई तथा विशिष्ट अतिथि लक्ष्मी प्रसाद पटेल (सरपंच), रोशन पटेल (उप सरपंच), विद्यापन पटेल, गोकुल चंद नायक, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष देवकी पटेल एवं परमानंद पटेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं विधुमति कर, बुधेश्वरी डडसेना, उमा कैवर्त एवं निर्मला कैवर्त तथा रसोइयों ने भी सहभागिता निभाई। प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं चंचलता सतपथी, डमरू धर बंछोर, लगन नाग एवं खीरवंती भोई ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक शंकर सिदार ने किया। उन्होंने मंच संचालन के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर गढ़पटनी स्कूल के प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, ग्रामीणजनों, पालकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
समारोह के अंत में गढ़पटनी स्कूल में उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से विद्यालय परिसर गूंज उठा। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल रहा और समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


