पिथौरा(जीतयादव)।पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान जारी रखते हुए बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना पिथौरा एवं सिटी कोतवाली क्षेत्र में अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस ने बड़ी मात्रा में देशी शराब जब्त की है।
अवैध शराब मामले में संतोष यादव गिरफ्तार, फरार आरोपी कमलजीत उर्फ प्रिंस सलूजा की तलाश जारी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानीसागर पारा, पिथौरा में एक व्यक्ति कार में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गौशाला के पास घेराबंदी कर रेड डाली और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी संतोष यादव (निवासी वार्ड नं. 12 रानीसागर पारा, पिथौरा) के कब्जे से 35.100 लीटर देशी प्लेन शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 15,600 रुपये आंकी गई है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मारुति ब्रेजा कार (CG 06 HB 9500) को भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
मामले में वाहन मालिक कमलजीत उर्फ प्रिंस सलूजा को भी आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी संतोष यादव के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार इस अभियान के तहत कुल 48 लीटर शराब सहित 5 लाख 61 हजार 520 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है तथा 3 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिले में अब तक 476 प्रकरणों में 535 व्यक्तियों पर कार्रवाई करते हुए 6122.890 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



