सरायपाली (जीत यादव) – सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विधायक चातुरी नंद और वृद्धजन कल्याण व समाज सेवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में भंवरपुर में निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ जुटी और लगभग 350 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों और सामान्य स्वास्थ्य की जांच कराई। शिविर में आयोजित नेत्र परीक्षण के बाद 227 से अधिक लाभार्थियों को निशुल्क चश्मा प्रदान किया गया, जिससे विशेषकर वरिष्ठजन और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों को राहत मिली। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 223 से अधिक ग्रामीणों की बीपी, शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी की गई।
विधायक ने किया दीप प्रज्वलन
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक चातुरी नंद ने दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, वरिष्ठजनों और महिलाओं से बातचीत करते हुए क्षेत्र की स्वास्थ्य आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
“हमर बुजुर्ग मन हमर सच्चा अभिमान” – विधायक चातुरी नंद
शिविर के दौरान संबोधित करते हुए विधायक चातुरी नंद ने कहा—
“हमर बुजुर्ग मन हमर सच्चा अभिमान हें। समाज की असली समृद्धि बुजुर्गों की मुस्कान और उनके स्वास्थ्य में बसती है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग समय पर जांच नहीं करा पाते, जिससे छोटी समस्याएँ भी बड़ी बीमारी बन जाती हैं। ऐसे निशुल्क शिविर लोगों के लिए बड़ी राहत हैं। हमारी कोशिश है कि सरायपाली क्षेत्र का कोई भी बुजुर्ग, महिला, किसान या मजदूर बिना जांच और उपचार के न रहे।”
ग्रामीणों ने जताया आभार
शिविर में आए ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर से उन्हें घर के पास ही विशेषज्ञ जांच और उपचार की सुविधा मिलती है, जो अत्यंत लाभकारी है। कार्यक्रम में संस्था के सदस्य, स्वास्थ्य विभाग की टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






