बसना।पीएम श्री सेजेस बसना में कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण अध्ययन विषय के अंतर्गत “फूड वी ईट” पाठ को रोचक, प्रभावी एवं व्यवहारिक बनाने के उद्देश्य से एक विशेष शैक्षणिक गतिविधि का आयोजन किया गया। इस अभिनव गतिविधि के तहत नन्हे विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न ताजे, मौसमी एवं पौष्टिक फलों का चयन कर स्वादिष्ट फ्रूट चाट तैयार की।

इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ एवं संतुलित आहार के महत्व से परिचित कराना, स्वच्छता की आदतों को विकसित करना तथा भोजन के प्रति सकारात्मक सोच उत्पन्न करना रहा। फलों को धोने, काटने, मिलाने और परोसने की प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों ने साफ-सफाई, अनुशासन, सहयोग और टीम वर्क जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों का भी अभ्यास किया।
पोषण एवं स्वास्थ्य की दी गई जानकारी
कार्यक्रम का सफल संचालन मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती कमला पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने बच्चों को फलों में पाए जाने वाले विटामिन्स, खनिज तत्वों और पोषक तत्वों के बारे में सरल एवं रोचक भाषा में जानकारी दी। बच्चों ने पूरे उत्साह और आनंद के साथ इस गतिविधि में सहभागिता निभाई।
प्राचार्य ने की गतिविधि-आधारित शिक्षण की सराहना
कार्यक्रम का निर्देशन सुश्री जी. साहू, प्राचार्य, पीएम श्री सेजेस बसना द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधि-आधारित शिक्षा से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, व्यवहारिक ज्ञान और जीवन कौशल का विकास होता है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप है।
शिक्षकों का रहा सक्रिय सहयोग
इस आयोजन में एच. आर. साहू (प्रधान पाठक), ए. सोना, एम. साहू, एस. प्रधान, जी. वैष्णव एवं एस. सामल का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी योगेश बढ़ाई द्वारा निभाई गई।विद्यालय परिवार ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार की व्यावहारिक, रोचक एवं जीवनोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन से जुड़ी शिक्षा प्रदान की जाती रहेगी।





