सरायपाली(जीतयादव)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर सरायपाली क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरायपाली विधायक चातुरी नंद के विधायक कार्यालय में क्षेत्र के कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कांग्रेस स्थापना दिवस पर विधायक चातुरी नंद ने कार्यकर्ताओं को श्रीफल एवं शाल भेंट कर किया अभिनंदन
कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के लिए लंबे समय से समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए विधायक चातुरी नंद ने कहा कि पार्टी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले कार्यकर्ता साथियों का सम्मान करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मजबूती का आधार ऐसे ही समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी की विचारधारा को जीवित रखा।

विधायक चातुरी नंद ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और आशीर्वाद तथा युवा साथियों के संघर्ष, ऊर्जा और समर्पण से संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए कार्य किया है और आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और पार्टी की एकता एवं संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।



