सरायपाली (जीत यादव)। कुंभकार महासंघ फुलझर अंचल द्वारा आयोजित चक्र पूजा महोत्सव एवं वार्षिक सम्मेलन इस वर्ष ग्राम केदुवां (सरायपाली), शाखा सभा बोंदा में 25 से 28 नवंबर 2024 तक बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं और समाज में उत्सव जैसा माहौल है।
कुंभकार महासंघ द्वारा चक्र पूजा का शुभारंभ 25 नवंबर की सुबह 9 बजे विशाल कलश यात्रा से होगा। इस यात्रा में लगभग 1000 से 1500 महिलाएं एवं युवतियां पारंपरिक परिधान में सहभागी होंगी। यात्रा में कर्मा नृत्य, कीर्तन एवं पारंपरिक वाद्य संग बजते हुए मूर्ति स्थापना स्थल तक पहुंचा जाएगा। इसके बाद मूर्ति स्थापना, कुराल पुराण पाठ एवं रात में उड़ीसा के प्रसिद्ध उड़ा पाला कला दल द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी।

26 नवंबर को आमसभा, सम्मान समारोह, अतिथि अभिवादन एवं विशाल महाभंडारे का आयोजन होगा। रात्रिकालीन कार्यक्रम में मनोहर मांझी लोककला मंच, गिधौरी द्वारा संगीतमय लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा।
चक्र पूजा 28 नवंबर को पूर्णाहुति हवन, पूजा-अर्चना और मूर्ति विसर्जन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा।
कुंभकार महासंघ द्वारा चक्र पूजा महोत्सव के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, नेत्र परीक्षण शिविर, विद्यार्थियों एवं समाजसेवी व्यक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन सुबह और शाम भगवान चक्रधारी की आरती का आयोजन तथा विशाल मीना बाजार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।

कुंभकार महासंघ फुलझर अंचल के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ राणा ने समाज के सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक परंपरा को सफल बनाएं। कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी संघ के सह-सचिव क्षीरसागर राणा द्वारा प्रदान की गई।




